

कोलकाता : भाजपा ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है और इस बार चुनावी मैदान में 111 उम्मीदवारों के नाम फाइनल किए गए हैं। इस सूची से साफ संकेत मिलता है कि पार्टी इस बार चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। इस लिस्ट की खास बात यह है कि इसमें सिर्फ पार्टी के पारंपरिक नेता ही नहीं, बल्कि चर्चित चेहरे, पूर्व सरकारी अधिकारी और बंगाली सिनेमा से जुड़े नाम भी शामिल हैं। इसे भाजपा की बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत करने की बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व लोकसभा सांसद रूपा गांगुली और निशीथ प्रमाणिक के नामों की हो रही है। रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण सीट से टिकट दिया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक को माथाभांगा सीट से मैदान में उतारा गया है। इन दिग्गज चेहरों को उतारकर पार्टी ने स्पष्ट कर दिया है कि वह राज्य के हर क्षेत्र में मजबूत दावेदारी पेश करना चाहती है। दिलचस्प बात यह है कि इस सूची में हाल ही में अन्य दलों से बीजेपी में शामिल हुए नेताओं को भी जगह दी गई है। पूर्व टीएमसी नेता तापस रॉय को मानिकतला सीट से टिकट मिला है, वहीं बैरकपुर से कौस्तव बागची पर भरोसा जताया गया है। आईपीएस अधिकारी रहे डॉ. राजेश कुमार को जगदल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जो दर्शाता है कि पार्टी अनुभवी और शिक्षित चेहरों को आगे लाने पर जोर दे रही है। ग्लैमर और राजनीतिक तेवर का मिश्रण भी इस सूची में देखने को मिल रहा है। टॉलीगंज सीट से अभिनेत्री पापिया अधिकारी को टिकट दिया गया है, जिससे वहां मुकाबला दिलचस्प होने की उम्मीद है। इसके अलावा बीजेपी की मुखर नेता प्रियंका टिबरेवाल को इंटाली से मैदान में उतारा गया है। वहीं, अर्जुन सिंह को नोआपाड़ा सीट से टिकट देकर पार्टी ने अपने पारंपरिक गढ़ को बनाए रखने की कोशिश की है। वहीं रितेश तिवारी को काशीपुर बेलगछिया से टिकट दिया गया है। इसमें हिंदीभाषियों के नाम भी शामिल हैं। इनमें डॉ. राजेश कुमार के साथ ही अर्जुन सिंह, राजारहाट न्यूटाउन से पीयूष कानोड़िया, तरुण ज्योति तिवारी, बाली से संजय सिंह, इंटाली से प्रियंका टिबड़ेवाल, चांपदानी से दिलीप सिंह आदि के नाम शामिल हैं।
पहली सूची में अहम बदलाव
दूसरी सूची के साथ भाजपा ने अपनी पहली सूची में भी संशोधन किया है। बिष्णुपुर (एससी) सीट से अब विश्वजीत खान को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि जॉयपुर सीट से विश्वजीत महतो को समर्थित प्रत्यार्शी बनाया गया है।
महिला उम्मीदवारों पर फोकस
भाजपा ने इस सूची में 19 महिला उम्मीदवारों को टिकट देकर महिला प्रतिनिधित्व को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। इससे पहले पहली सूची में भाजपा ने 11 महिलाओं को रखा था। दूसरे लिस्ट में इटाहार से सबिता बर्मन, खरग्राम (एससी) से मिताली मल, कांदी से गार्गी दास घोष, भरतपुर से अनामिका घोष, हिंगलगंज (एससी) से रेखा पात्रा, मंदिरबाजार (एससी) से मल्लिका पाइक, बारुईपुर पूर्व (एससी) से टुम्पा सरदार, सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली, जादवपुर से सरबरी मुखर्जी, टॉलीगंज से पापिया (दे) अधिकारी, इंटाली से प्रियंका टिबरेवाल, श्यामपुकुर से पूर्णिमा चक्रवर्ती, सांकराइल (एससी) से बरनाली ढाली समेत अन्य शामिल हैं।
शुभेंदु के भाई को मिला टिकट
भाजपा ने एगरा सीट से शुभेंदु अधिकारी के भाई दिब्येंदु अधिकारी को टिकट दिया है। देशभर में चर्चा में आये संदेशखाली सीट से पार्टी के उम्मीदवार सनत सरदार हैं।