भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ से गूंजा बंगाल

कोलकाता से हिंगलगंज तक बदले माहौल के संकेत, नेताओं ने साधा तृणमूल पर निशाना
फाइल फोटो
फाइल फोटोफाइल फोटो
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में राजनीतिक सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को ‘परिवर्तन यात्रा’ को पुनः प्रारंभ करते हुए राज्य में विकास, सुशासन और व्यापक बदलाव का संकल्प दोहराया। इस दौरान जयनगर में परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब, भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. इंद्रनील खान, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में हुआ। श्यामपुर में भाजपा नेता एवं अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती तथा सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो परिवर्तन यात्रा में शामिल हुए। बशीरहाट में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजॣमदार ने काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद परिवर्तन यात्रा रैली की शुरुआत की। इस्लामपुर और करनदीघी में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वहीं उत्तर 24 परगना के हिंगलगंज में आयोजित परिवर्तन यात्रा में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उपस्थित रहे।

यह यात्रा भीड़ नहीं, बल्कि परिवर्तन का संकल्प है : धामी

हिंगलगंज की सभा में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड से गंगासागर तक की सांस्कृतिक कड़ी का उल्लेख करते हुए बंगाल की गौरवशाली परंपरा को याद किया। उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जिसने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, रवीन्द्रनाथ टैगोर, स्वामी विवेकानंद और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान व्यक्तित्व देश को दिए।

धामी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल आज अराजकता, भ्रष्टाचार और भय के माहौल से जूझ रहा है। उनके अनुसार राज्य पर 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है, कर्मचारियों को महंगाई भत्ता समय पर नहीं मिल रहा और हजारों स्कूल बंद हो चुके हैं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और अवैध घुसपैठ के मुद्दे उठाते हुए कहा कि यह यात्रा भीड़ नहीं, बल्कि परिवर्तन का संकल्प है। यह अन्याय, भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के खिलाफ जनता का जनसैलाब है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के तहत पीड़ित शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

डबल इंजन सरकार का मन बना चुकी है जनता : सावित्री ठाकुर

केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की जनता राज्य में “डबल इंजन सरकार” लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर केंद्र की सभी विकास योजनाएं राज्य में प्रभावी रूप से लागू की जाएंगी। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने शीतलकुची में तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने आसनसोल में जनसभा को संबोधित किया। ग्रेटर कोलकाता क्षेत्र में रानी रासमणि रोड से प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद शमीक भट्टाचार्य ने यात्रा की शुरुआत की और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि ‘परिवर्तन यात्रा’ का उद्देश्य राज्य में सुशासन, सुरक्षा और विकास का नया अध्याय शुरू करना है। पार्टी का दावा है कि जनता अब “Paltano Dorkar, Chai BJP Sarkaar” के नारे के साथ बदलाव के लिए तैयार है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in