भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ ने दूसरे दिन पकड़ी रफ्तार, 5 जिलों से निकली परिवर्तन यात्राएं

5 जिलों से अमित शाह, नितिन नवीन, शिवराज सिंह चौहान, राजनाथ सिंह और देवेंद्र फडणवीस ने परिवर्तन यात्रा को दिखाई हरी झंडी
फाइल फोटो
फाइल फोटोफाइल फोटो
Published on

कोलकाता : 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ भाजपा ने अपनी बहुप्रचारित ‘परिवर्तन यात्रा’ को और तेज कर दिया है। सोमवार को यात्रा के दूसरे दिन राज्य के पांच जिलों से इसे जोरदार तरीके से आगे बढ़ाया गया। भाजपा ने इस अभियान के जरिए भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को घेरने की रणनीति बनाई है। सोमवार को विभिन्न स्थानों से पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मथुरापुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सुकांत मजॣमदार मौजूद रहे। इस्लामपुर में नितिन नवीन और दिलीप घोष ने यात्रा की शुरुआत की। वहीं आमता के जयपुर में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और शमीक भट्टाचार्य, संदेशखाली में शिवराज सिंह चौहान, शुभेंदु अधिकारी, शांतनु ठाकुर और लॉकेट चटर्जी तथा हासन में देवेंद्र फडणवीस और मिथुन चक्रवर्ती ने कार्यक्रम में भाग लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

बंगाल में डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट’ मॉडल लागू करेंगे : नितिन नवीन

इस्लामपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर असम के तर्ज पर ‘पहचानो (डिटेक्ट), नाम हटाओ (डिलीट) और वापस भेजो (डिपोर्ट)’ मॉडल लागू किया जाएगा। उनका दावा था कि जहां भी विदेशी नागरिक भारतीयों के अधिकारों पर असर डाल रहे हैं, वहां इस मॉडल को अपनाया जाएगा। नवीन ने हालिया SIR का जिक्र करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग ने बंगाल में 50 लाख से अधिक कथित बांग्लादेशी घुसपैठियों के मताधिकार पहले ही समाप्त कर दिए हैं। उनके मुताबिक, अगर ऐसे नाम मतदाता सूची में बने रहते हैं तो केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक नागरिकों के बजाय घुसपैठियों को मिल सकता है।

घुसपैठियों को शरण दे रही तृणमूल सरकार : शिवराज सिंह चौहान

संदेशखाली में आयोजित रैली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर टीएमसी सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार घुसपैठियों को शरण दे रही है और उनके लिए फर्जी आधार व मतदाता कार्ड तैयार कराए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र की जनसांख्यिकी बदलने की कोशिश हो रही है। चौहान ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध थम नहीं रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए राज्य सरकार जमीन उपलब्ध नहीं करा रही, जिससे अवैध प्रवेश रोकने में बाधा आ रही है।

भाजपा सरकार बनने के एक माह के भीतर अपराधी होंगे जेल में : राजनाथ सिंह

आमता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार बनने के एक महीने के भीतर अपराधी या तो जेल में होंगे या भगवान जाने कहां। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेगी। उन्होंने कहा कि यहां बेरोजगारी की समस्या को समाप्त करने में हमें पांच से 10 साल लगेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में लोगों को विभाजित कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि समाज सुधारने के लिए राजनीति करती है, जबकि तृणमूल राज्य के लोगों को बांटने का काम कर रही है। रक्षा मंत्री ने कहा कि बंगाल में बदलाव का समय आ गया है। इसके साथ ही उन्होंने बंगाल के लोगों से अपील की कि इस बार चुनाव में (भाजपा के पक्ष में) किसी भी तरह की हिचकिचाहट न करें।

बंगाल में औद्योगिक भरोसा बहाल करेगी भाजपा : देवेंद्र फडणवीस

हासन में देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हाल के वर्षों में पश्चिम बंगाल उद्योगीकरण सूचकांक में पीछे चला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयुष्मान भारत जैसी महत्वपूर्ण केंद्रीय योजनाओं को राज्य में प्रभावी रूप से लागू नहीं किया गया, जिसके कारण आम नागरिक सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर औद्योगिक विश्वास बहाल किया जाएगा, आर्थिक अवसरों का विस्तार होगा तथा विकास योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जाएगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in