कुछ उम्मीदवारों के चयन पर भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

साल्टलेक दफ्तर के बाहर कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
फाइल फोटो
फाइल फोटोफाइल फोटो
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के भीतर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। उम्मीदवारों की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं का गुस्सा बढ़ता जा रहा है, जिसका ताजा उदाहरण शुक्रवार को साल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर देखने को मिला। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य और लॉकेट चटर्जी की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया। नाराज कार्यकर्ताओं ने शमीक भट्टाचार्य और लॉकेट चटर्जी को घेरते हुए उम्मीदवारों के चयन पर सवाल उठाये और कई सीटों पर प्रत्याशी बदलने की मांग की। सूत्रों के अनुसार, बेलेघाटा, इंटाली, गोसाबा और कुलपी समेत कई इलाकों से कार्यकर्ता यहां पहुंचे थे। उनका आरोप था कि घोषित उम्मीदवारों में कई ऐसे नाम शामिल हैं, जिन्हें स्थानीय स्तर पर स्वीकार नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बदलाव नहीं किया गया तो पार्टी को चुनाव में इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष के सामने तीखी नाराजगी व्यक्त की। हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने हालात को संभालने की कोशिश की। शमीक भट्टाचार्य ने स्पष्ट कहा कि चुनाव को लेकर पार्टी का फैसला अंतिम होता है और सभी को उसे स्वीकार करना चाहिए। वहीं, लॉकेट चटर्जी ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं पर विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले अलीपुरदुआर में भी पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की खबर आई थी।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in