परिवर्तन यात्रा के जरिए भाजपा का हमला तेज, नेताओं ने बंगाल में राजनीतिक बदलाव का किया आह्वान

भाजपा राज्य में लाएगी परिवर्तन
नैहाटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, लॉकेट चटर्जी व अन्य
नैहाटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, लॉकेट चटर्जी व अन्य
Published on

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा की परिवर्तन यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों में तेजी से आगे बढ़ रही है। इस यात्रा के दौरान पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेता लगातार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं और राज्य में राजनीतिक परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर आयोजित सभाओं में भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, घुसपैठ और तुष्टीकरण की राजनीति के आरोप लगाते हुए जनता से भाजपा को सत्ता में लाने की अपील की।

बंगाल में ममता, माफिया और मनी पावर की सरकार : अनुराग ठाकुर

उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर सहित अन्य नेताओं के साथ परिवर्तन यात्रा में भाग लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक ओर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्यपाल का विरोध करती हैं, जबकि दूसरी ओर राज्य में घुसपैठियों और माफियाओं का खुलेआम स्वागत करती हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री की तरह नहीं बल्कि माफिया, जिहादियों और घुसपैठियों की “कायदे-आजम” की तरह काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की पहचान, संस्कृति और संसाधनों की रक्षा के लिए तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाना और भाजपा की सरकार बनाना आवश्यक है। उन्होंने दावा किया कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव बंगाली गौरव, संस्कृति और राज्य के भविष्य की रक्षा की निर्णायक लड़ाई साबित होगा। अनुराग ठाकुर ने यह भी आरोप लगाया कि बांग्लादेश से अवैध घुसपैठ लंबे समय से जारी है और कांग्रेस, वामपंथी दलों तथा तृणमूल कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ के लिए इसे बढ़ावा दिया है, क्योंकि घुसपैठिए उनके लिए वोट बैंक का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के लिए उद्योग और रोजगार के अवसर पैदा करने के बजाय तृणमूल सरकार ने कटमनी की संस्कृति को बढ़ावा दिया है। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल से जुड़े कई मंत्री और नेता भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं।

भाजपा राज्य में लाएगी परिवर्तन : सम्राट चौधरी

माल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित परिवर्तन यात्रा की जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूत हो रहा है, जबकि ममता बनर्जी बंगाल को लूट रही हैं। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बंगाल उनकी जन्मभूमि है और भाजपा यहां जीत हासिल कर उनकी विरासत को आगे बढ़ाएगी। सम्राट चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि अवैध घुसपैठ पर रोक नहीं लगाई गई तो राज्य का जनसांख्यिकीय संतुलन बदल सकता है, जिससे आदिवासी, राजबोंग्शी, गोरखा और बंगाली समुदायों के अधिकार प्रभावित होंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर चाय बागान श्रमिकों को उचित मजदूरी और बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

बंगाल की महिलाओं को सुरक्षा और “जय श्री राम” कहने की स्वतंत्रता चाहिए : सुकांत

बर्धमान डिवीजन के कालना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि बंगाल को वास्तविक परिवर्तन की आवश्यकता है। उनके अनुसार यह परिवर्तन केवल राजनीतिक दल या नेतृत्व बदलने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यापक सामाजिक और आर्थिक बदलाव होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंगाल की महिलाओं को सुरक्षा और “जय श्री राम” कहने की स्वतंत्रता चाहिए। उन्होंने घुसपैठ के कारण उत्पन्न जनसांख्यिकीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की और ममता बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया।

भाजपा राज्य से अवैध घुसपैठियों को हटाएगी : सतीश दुबे

मानबाजार विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कोयला और खान मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार बंगाल के लोगों की जमीन और नौकरियां छीन रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य से अवैध घुसपैठियों को हटाया जाएगा।

तृणमूल ने केंद्र के 27,000 करोड़ रुपये के फंड का किया दुरुपयोग : शुभेंदु

मालदा जिले के गाज़ोल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर केंद्र सरकार की योजनाओं के फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन के तहत महिलाओं के लिए शौचालय और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बंगाल में लगभग 40 लाख घर स्वीकृत किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस ने इन योजनाओं में भी कट मनी वसूली की और कई मामलों में पूरी राशि हड़प ली। उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार केंद्र की योजनाओं का नाम बदलकर उनका श्रेय लेने की कोशिश करती है। शुभेंदु अधिकारी ने यह भी दावा किया कि पेयजल और नल जल परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए गए 27,000 करोड़ रुपये के फंड का भी दुरुपयोग किया गया है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in