

कोलकाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड रैली से पहले शनिवार दोपहर कोलकाता के गिरीश पार्क थाना क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की बसों पर कथित तौर पर टीएमसी समर्थकों द्वारा ईंट-पत्थर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में भाजपा के जिला अध्यक्ष तमघ्न घोष और पार्षद विजय ओझा सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए। भाजपा के एक सदस्य के अनुसार, ब्रिगेड रैली में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं की बसों पर कुछ लोगों ने अचानक ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। घटना की सूचना मिलने के बाद पार्षद विजय ओझा मौके पर पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि उनके पहुंचने के बाद झड़प और बढ़ गई, जिसमें वे भी घायल हो गए। फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजुमदार अस्पताल पहुंचे और घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुकांत मजुमदार ने आरोप लगाया कि गिरीश पार्क इलाके में हुआ यह हमला इस बात का साफ संकेत है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाली तृणमूल सरकार भाजपा की ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित ऐतिहासिक ‘परिवर्तन संकल्प सभा’ में उमड़ी भारी भीड़ से घबरा गई है।मजुमदार ने दावा किया कि ब्रिगेड मैदान की ओर जा रही भाजपा कार्यकर्ताओं की कई बसों को निशाना बनाकर हमला किया गया। उनके अनुसार राज्य की मंत्री और उत्तर कोलकाता की नेता शशि पांजा के करीबी कुछ लोगों ने कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बसों पर कायरतापूर्ण हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले बसों पर ईंट-पत्थर फेंके गए और उसके बाद कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं को बुरी तरह पीटा गया। मजुमदार ने कहा कि इस घटना में शामिल कुछ हमलावरों के नाम सामने आ चुके हैं। भाजपा नेता ने कहा कि इस घटना में कथित तौर पर शामिल लोगों में शक्ति सिंह, रवि ओझा, सुनंदा सरकार, मोहम्मद मजीद, जसीमुद्दीन और राजेश सिन्हा के नाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को तृणमूल की इस कथित गुंडागर्दी का “एक-एक इंच” याद है और सही समय आने पर इसका हिसाब लिया जाएगा। सुकांत मजुमदार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा के कार्यक्रमों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं, लेकिन पार्टी कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा के हर कार्यक्रम पर होने वाले हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। वहीं भाजपा नेता नवीन मिश्रा ने इस हमले को कायराना करार दिया।