कमरहट्टी की बेकरी में कॉकरोच और बिल्ली के बीच तैयार हो रहे थे बिस्कुट-केक

खाद्य विभाग ने कराया बंद
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

खाद्य सुरक्षा सप्ताह के तहत छापेमारी, रथतला के होटल पर भी कार्रवाई

बैरकपुर : खाद्य सुरक्षा सप्ताह के तहत शनिवार को कमरहट्टी नगरपालिका क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। षष्ठीतला इलाके की बेकरी समेत कई खाद्य प्रतिष्ठानों में अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान एक बेकरी में भारी गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर उसे बंद करा दिया गया। जांच के दौरान बेकरी परिसर में बिल्ली और कॉकरोच पाए गए। खाद्य सामग्री तैयार करने की जगह पर गंदगी के साथ अखबारों का इस्तेमाल और निम्न गुणवत्ता वाले रंग भी मिले। अधिकारियों के अनुसार, 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम कराए जाने की बात भी सामने आई। इसके अलावा खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े प्रमाणपत्र, ट्रेड लाइसेंस और फायर सेफ्टी समेत जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई। अभियान में जिला खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी व विशेषज्ञ, कमरहट्टी नगरपालिका के जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा बेलघरिया और कमरहट्टी थाने की पुलिस शामिल रही। अधिकारियों ने बेकरी संचालकों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। वहीं, अभियान के दूसरे चरण में बैरकपुर एसडीओ, नगरपालिका के ईओ और जिला खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने रथतला व बेलघरिया इलाके के होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य पदार्थों की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीटी रोड स्थित रथतला मोड़ के एक होटल को भी बंद कराया गया। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने और जरूरी दस्तावेज पूरे करने का निर्देश दिया है। मानकों का पालन सुनिश्चित होने के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in