नदिया : वीर सिद्धू-कान्हू एथलेटिक्स क्लब के 171वें वार्षिक समारोह से लौट रहे तीन आदिवासी युवकों की बाइक बुधवार की देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना कल्याणी थाना क्षेत्र के कल्याणी-बैरकपुर एक्सप्रेसवे स्थित रेल ब्रिज पर हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि समारोह से लौटते समय तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तड़के करीब तीन बजे तीनों को सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा। लोगों ने तत्काल उन्हें कल्याणी कॉलेज ऑफ मेडिसिन एंड जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने 30 वर्षीय समाई मुर्मू और 24 वर्षीय संजीव मुर्मू को मृत घोषित कर दिया। घायल युवक का नाम सुमन टुडू है।