वार्ड कार्यालय में मिला 'सीक्रेट बेडरूम', भाजपा ने उठाए सवाल

किया हंगामा
 
 वार्ड कार्यालय में मिला 'सीक्रेट बेडरूम', भाजपा ने उठाए सवाल
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बिधाननगर नगर निगम के वार्ड संख्या 35 के कार्यालय को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भाजपा नेताओं ने कार्यालय के भीतर एक कथित 'सीक्रेट बेडरूम', कई एयर कंडीशनर और आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने का दावा किया। राज्य के मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्था पर सवाल उठाए, जबकि भाजपा ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। हालांकि, खबर लिखे जाने तक तृणमूल कांग्रेस अथवा वार्ड के पूर्व पार्षद की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

रोड शो के बाद पहुंचे वार्ड कार्यालय

शुक्रवार शाम सुकांतनगर में भाजपा के रोड शो और कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद राज्य के मंत्री शारद्वत मुखर्जी, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बिधाननगर नगर निगम के वार्ड संख्या 35 कार्यालय पहुंचे। भाजपा नेताओं का दावा है कि निरीक्षण के दौरान कार्यालय के अंदर कई आपत्तिजनक व्यवस्थाएं मिलीं। भाजपा नेताओं के अनुसार कार्यालय के एक हिस्से में पांच एयर कंडीशनर लगे थे, जबकि दूसरे कमरे में बिस्तर, तकिए और ड्रेसिंग टेबल रखी हुई थी। भाजपा ने इसे सरकारी कार्यालय के दुरुपयोग का मामला बताते हुए सवाल उठाए।

मंत्री ने जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कथित तौर पर कार्यालय की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा, वार्ड कार्यालय में सरकारी कामकाज शुरू करने से पहले उसे गंगाजल से शुद्ध किया जाना चाहिए।

पूर्व पार्षद पर भाजपा का निशाना

वार्ड संख्या 35 के तृणमूल कांग्रेस के पूर्व पार्षद जयदेव नस्कर पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं और वर्तमान में वार्ड का प्रशासन प्रशासक के अधीन है। भाजपा नेताओं ने इस पूरे मामले को लेकर पूर्व पार्षद की भूमिका पर सवाल उठाए।

उपचुनाव और नगर निगम चुनाव पर फोकस

कार्यक्रम के दौरान मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने कार्यकर्ताओं से आगामी नगर निगम चुनाव में बिधाननगर के सभी 41 वार्ड जीतने का आह्वान किया। उन्होंने इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की भी आलोचना की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in