

कहा- संसाधन हो तो केंद्रीय एजेंसियों से भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है राज्य पुलिस
बैरकपुर : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को बैरकपुर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित पारंपरिक 'बड़ा खाना' कार्यक्रम में राज्य पुलिस की कार्यशैली की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के गठन के बाद पिछले 10 सप्ताह में पुलिस ने सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई है। यदि इसी तरह कार्य जारी रहा तो पश्चिम बंगाल पुलिस देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बलों में अपनी जगह बना सकती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केवल वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठकों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यरत पुलिसकर्मियों से भी सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने स्वीकार किया कि राज्य की आर्थिक स्थिति फिलहाल मजबूत नहीं है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस मंत्री के रूप में वह हरसंभव पुलिस बल के साथ खड़े रहेंगे और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार को दूरदराज क्षेत्रों में तैनात पुलिसकर्मियों के आवास, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त वाहनों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी की जानकारी है। उसके बाद भी भ्रष्टाचार से लड़ने से लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक आपने हर चीज में अपनी काबिलियत दिखाई है। उनका मानना है कि यदि उपलब्ध मानव संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए तो राज्य पुलिस न केवल अन्य राज्यों की पुलिस से बेहतर प्रदर्शन कर सकती है, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के बराबर भी अपनी दक्षता साबित कर सकती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में पुलिस के सभी स्तरों के कर्मचारियों के साथ नियमित संवाद बनाए रखा जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझकर समय पर उनका समाधान किया जा सके। इस कार्यक्रम में डीजीपी सिद्धनाथ गुप्त, डीजी हेडक्वार्टर अजय कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।