

उत्तर 24 परगना : बेलघरिया रेल ओवरब्रिज पर मरम्मत कार्य के चलते गुरुवार रात 11 बजे से 31 अगस्त की रात 11 बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। करीब 11 दिनों तक चलने वाले इस कार्य के कारण बेलघरिया, निमता, डनलप समेत आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है। प्रशासन के अनुसार ओवरब्रिज के आर्टिकुलेशन जॉइंट में से दो की स्थिति बेहद खराब हो गई है। इनकी मरम्मत के दौरान वाहनों की आवाजाही जारी रखना सुरक्षित नहीं होने के कारण पूरे ब्रिज को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। मरम्मत पूरी होने के बाद ही ब्रिज से यातायात सामान्य किया जाएगा। यातायात को सुचारु रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। बसों और मालवाहक वाहनों को पहले की तरह बेलघरिया एक्सप्रेसवे से गुजरने की अनुमति होगी। निमता की ओर जाने वाले दोपहिया और अन्य छोटे वाहनों को 4 नंबर रेलवे गेट से भेजा जाएगा। वहीं, डनलप की दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए 2 नंबर रेलवे गेट का इस्तेमाल किया जाएगा। वैकल्पिक रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की आशंका जताई गई है। ऐसे में वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की गई है।