arrested 1
arrested 1

अस्पताल में बच्चा चोरी के संदेह में दो महिलाएं हिरासत में

Published on

नवजात को आंचल में छिपाकर ले जाने का आरोप

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर :

बैरकपुर डॉ. बी.एन. बोस सबडिविजनल अस्पताल में मंगलवार की सुबह नवजात को चोरी कर ले जाने के संदेह में दो महिलाओं को हिरासत में लिये जाने के बाद हड़कंप मच गया। अस्पताल की चौथी मंजिल स्थित वार्ड में एक महिला पर सो रहे नवजात को उठाकर बाहर निकलने की कोशिश करने का आरोप है। हालांकि, समय रहते अस्पताल की आया और बच्चे के परिजनों की नजर उस पर पड़ गयी, जिसके बाद उसे रोक लिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, एक महिला विजिटर कार्ड दिखाकर वार्ड में दाखिल हुई थी। कुछ देर बाद उसके साथ एक अन्य महिला भी पहुंची। इसी दौरान वार्ड में मौजूद आया और एक मरीज के परिजन ने देखा कि महिला एक बेड पर सो रहे नवजात को उठाकर अपने आंचल में छिपाने का प्रयास कर रही है। उस समय बच्चे की मां बाथरूम गयी हुई थी। महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान शबनम परवीन के रूप में बतायी। उसने अपने साथ हसीना बीबी के आने की जानकारी दी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों ने टीटागढ़ थाने को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गयी। पुलिस पूछताछ में शबनम परवीन ने बच्चे को ले जाने के आरोप से इनकार किया। उसका कहना है कि वह चोरी के इरादे से अस्पताल नहीं गयी थी और उसके खुद भी एक बेटा और एक बेटी है। वहीं, दूसरी महिला ने भी किसी तरह की चोरी से इनकार करते हुए अस्पताल में प्रवेश के लिए वैध विजिटर कार्ड होने का दावा किया है। फिलहाल टीटागढ़ थाने की पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in