

कार्यकारी अधिकारी से जल्द भुगतान की मांग, 10 दिन में समाधान का आश्वासन
प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
पानीहाटी : दो महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान पानीहाटी नगरपालिका क्षेत्र की आशा कर्मियों ने शनिवार को नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर कार्यकारी अधिकारी से शिकायत की। उन्होंने समय पर वेतन भुगतान नहीं होने के साथ ही बढ़ते काम के बोझ और अतिरिक्त खर्च का मुद्दा भी उठाया। आशा कर्मियों का आरोप है कि उनसे लगातार विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उनका कहना है कि पहले उनका मुख्य कार्य गर्भवती महिलाओं की देखभाल और टीकाकरण से संबंधित था। अब उन्हें अन्नपूर्णा भंडार, आयुष्मान भारत समेत अन्य योजनाओं के लिए फॉर्म बांटने, जमा करने और संबंधित कार्यों में भी लगाया जा रहा है। इन कामों के लिए लगातार क्षेत्र में आने-जाने के कारण उनका यात्रा खर्च भी बढ़ गया है। आशा कर्मियों ने कहा कि नियमित वेतन नहीं मिलने से उनके लिए रोजमर्रा के खर्च संभालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से जल्द बकाया वेतन जारी करने की मांग की। इस पर नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी ने उनकी समस्याएं सुनते हुए 10 दिनों के भीतर मामले का समाधान करने का आश्वासन दिया।