बिजली गुल होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं पर बमबाजी का आरोप

हाड़वा में 8 घायल, 5 की हालत गंभीर
बिजली गुल होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं पर बमबाजी का आरोप
Published on: 

उत्तर 24 परगना : हाड़वा के तालबेरिया इलाके में बुधवार की रात बिजली गुल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगातार बम फेंके जाने का आरोप लगा है। घटना में आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें पांच की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सभी को हाड़वा ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, शालिपुर पंचायत के तालबेरिया इलाके में बुधवार की रात कुछ भाजपा कार्यकर्ता बैठे थे। इसी दौरान अचानक इलाके की बिजली चली गयी। आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने वहां लगातार बम फेंकना शुरू कर दिया। इसमें वहां मौजूद आठ लोग घायल हो गये। भाजपा ने घटना के लिए आईएसएफ समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा नेता राम घोषाल का आरोप है कि इलाके में पहले से बम और गोली जमा कर रखे गये थे और पार्टी कार्यकर्ताओं को निशाना बनाकर हमला किया गया। वहीं, आईएसएफ ने इस आरोप को पूरी तरह खारिज कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही हाड़वा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके की तलाशी लेकर कई ताजा बम और बम बनाने की सामग्री बरामद की। भाजपा की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है। आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in