दूसरी कक्षा के छात्र की पिटाई का आरोप, बेहोश होने पर थाने के बाहर प्रदर्शन

गलत लिखने पर शिक्षिका पर थप्पड़ मारने और गर्दन पकड़कर पीटने का आरोप
दूसरी कक्षा के छात्र की पिटाई का आरोप, बेहोश होने पर थाने के बाहर प्रदर्शन
Published on

निमता : बिराटी यूपी विद्यालय में दूसरी कक्षा के छात्र की पिटाई के बाद गुरुवार को अभिभावकों ने निमता थाने के सामने प्रदर्शन किया। आरोप है कि बुधवार को अंग्रेजी की कक्षा के दौरान शिक्षिका बर्णाली मंडल ने लिखने में गलती होने पर छात्र को थप्पड़ मारा और गर्दन पकड़कर नीचे झुकाते हुए पीटा। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गयी और वह स्कूल में ही बेहोश हो गया। परिजनों के अनुसार, छात्र को होश में लाने के बाद पानी पिलाया गया और घटना की जानकारी उन्हें दी गयी। इसके बाद उन्होंने निमता थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शिक्षिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से नाराज अन्य छात्रों के अभिभावक भी थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई और विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। अभिभावकों के एक वर्ग ने कहा कि जब तक शिक्षिका स्कूल में रहेंगी, वे अपने बच्चों को कक्षा में नहीं भेजेंगे। कुछ अभिभावकों ने शिक्षिका पर पहले भी छात्रों के साथ मारपीट करने तथा उनसे अपने हाथ-पैर दबवाने का आरोप लगाया है। हालांकि, प्रधान शिक्षिका ने कहा कि इस तरह की कोई शिकायत पहले उनके पास नहीं आयी थी। उन्होंने वर्तमान मामले की जानकारी शिक्षा विभाग को देने की बात कही है। पुलिस घटना की पूरी जांच कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in