पालिका परिसर में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट का आरोप, विरोध में पेन डाउन

सरकारी काम के दौरान रात में पहुंचे लोगों से हुआ विवाद
पालिका परिसर में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट का आरोप, विरोध में पेन डाउन
Published on


एफआईआर और अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग पर कर्मचारियों का प्रदर्शन

अशोकनगर : अशोकनगर कल्याणगढ़ नगरपालिका परिसर में शुक्रवार की देर रात अस्थायी डेटा एंट्री ऑपरेटरों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नगरपालिका परिसर में कुछ बाहरी लोग पहुंचे और रात में काम किए जाने को लेकर कर्मचारियों से विवाद करने लगे। मामला बढ़ने पर कथित तौर पर कई ऑपरेटरों के साथ मारपीट की गयी। घटना की सूचना मिलने के बाद अशोकनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और करीब सात डेटा एंट्री ऑपरेटरों को नगरपालिका परिसर से निकालकर थाने ले गयी। मारपीट में कई कर्मचारियों के घायल होने की बात कही जा रही है। कर्मचारियों के मुताबिक, वे नगरपालिका प्रशासन के निर्देश पर सरकारी योजनाओं से जुड़े जरूरी काम निपटा रहे थे। इसी दौरान पहुंचे लोगों ने आरोप लगाया कि अंधेरे का फायदा उठाकर नगरपालिका से दस्तावेज बाहर ले जाए जा रहे हैं। इसी आरोप को लेकर विवाद शुरू हुआ था। घटना के विरोध में शनिवार को नगरपालिका के स्थायी और अस्थायी कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। कर्मचारियों ने नगरपालिका प्रशासक अरुण कुमार विश्वास के कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि नगरपालिका परिसर में कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। उनका दावा है कि पूर्व में छुट्टी के दिन अधिकारियों के निर्देश पर काम करने पहुंचे एक कर्मचारी के साथ भी मारपीट की गयी थी। उस मामले में कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बावजूद ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने नगरपालिका परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, सीसीटीवी फुटेज की जांच कर हमलावरों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे काम पर नहीं लौटेंगे। कर्मचारियों के पेन डाउन के कारण शनिवार को नगरपालिका का सामान्य कामकाज प्रभावित रहा।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in