

कोलकाता : मुर्शिदाबाद की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। रेजीनगर से आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर ने पार्टी उम्मीदवारों के साथ वर्चुअल बैठक कर मतगणना को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “जनता के वोटों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता” है और किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
हुमायूं कबीर ने हर राउंड की गिनती के बाद वोटों के सही मिलान और विशेष प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने दावा किया कि किसी भी “साजिश” को सफल नहीं होने दिया जाएगा और 4 मई को AJUP के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ परिणाम का सामना करेंगे। बैठक में “लड़ेगी जनता, जीतेगा विकास!” का नारा भी गूंजा।
इसी बीच, राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया जब हुमायूं कबीर ने तृणमूल कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी उनकी शर्तों पर “गलतियों” को स्वीकार करें और माफी मांगें, तो सरकार गठन में समर्थन पर विचार किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी तंज कसा कि चुनाव के बाद अभिषेक बनर्जी विदेश जा सकते हैं और ममता बनर्जी दीघा में धार्मिक कार्यक्रमों में व्यस्त हो सकती हैं, जिससे राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। चुनाव परिणाम से पहले हुमायूं कबीर के बदलते रुख और सख्त बयानबाजी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नयी हलचल पैदा कर दी है।