हावड़ा के बाद कांचरापाड़ा, अभियुक्त की कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया गया!

स्थानीय लोगों ने “चोर-चोर” के नारे लगाए
हावड़ा के बाद कांचरापाड़ा, अभियुक्त की कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया गया!
Published on

कांचरापाड़ा : कांचरापाड़ा में तृणमूल कांग्रेस के युवा नेता अभिजीत राय उर्फ बोनी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त को हाफ पैंट पहनाकर उसकी कमर में रस्सी बांधी और कांचरापाड़ा के वार्ड नंबर 3 इलाके में घुमाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने “चोर-चोर” के नारे लगाए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, बीजपुर थाने की पुलिस अभिजीत राय को बाबू क्वार्टर और नवीन पल्ली इलाके में लेकर गई थी, जिसे स्थानीय लोग उसका अड्डा बता रहे हैं। आरोप है कि पुलिस क्वार्टर के भीतर नगर पालिका की बाल्टियां जमा कर उन्हें बेचा जाता था। इतना ही नहीं, इलाके में कौन रहेगा और किसे कमरा मिलेगा, इसका फैसला भी बोनी के निर्देश पर होता था। स्थानीय लोगों ने वहां असामाजिक गतिविधियां चलने का भी आरोप लगाया है। बताया गया है कि पुलिस ने मंदारमणि से बोनी को गिरफ्तार किया था। उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने पांच दिन की पुलिस हिरासत का आदेश दिया। जांच के सिलसिले में पुलिस जब उसे इलाके में लेकर पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पहले हावड़ा के शिवपुर और कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में भी अभियुक्तों को इसी तरह सार्वजनिक रूप से घुमाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in