हसनाबाद में महंगाई पर प्रशासन सख्त, बाजार में अधिकारियों ने परखे दाम

मूल्य सूची नहीं लगाने वाले दुकानदारों को फटकार
हसनाबाद में महंगाई पर प्रशासन सख्त, बाजार में अधिकारियों ने परखे दाम
Published on

कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित निगरानी के निर्देश

उत्तर 24 परगना : हसनाबाद में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में मनमानी और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने बाजारों पर निगरानी बढ़ा दी है। बुधवार को प्रशासन की संयुक्त टीम ने बनबीबी सेतु के पास स्थित बस स्टैंड बाजार में अचानक अभियान चलाकर कई दुकानों की जांच की। कार्रवाई की खबर मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान किराना और सब्जी दुकानों में सामान के दाम, स्टॉक तथा बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों ने मूल्य सूची, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री रसीदों का मिलान कर यह पता लगाया कि कहीं ग्राहकों से तय कीमत से अधिक राशि तो नहीं ली जा रही है। साथ ही दुकानों में सामान के वजन की भी जांच की गई। जांच के दौरान कुछ दुकानों में मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं मिलने पर अधिकारियों ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्हें तत्काल दुकान में स्पष्ट रूप से मूल्य सूची लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्राहकों को सामान की कीमत की जानकारी मिल सके। इस पूरे अभियान की अगुवाई बशीरहाट की महकमा शासक (एसडीएम) जसलीन कौर ने की। उनके साथ हसनाबाद के एसडीपीओ उमर अली मोल्ला, बीडीओ समीर मंडल तथा कृषि और खाद्य-आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद थे। टीम ने आम ग्राहकों के रूप में भी बाजार में सामान की कीमतों की जानकारी जुटाई। प्रशासन ने कहा कि त्योहारों के दौरान आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में कृत्रिम बढ़ोतरी या कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम जसलीन कौर ने बताया कि बाजारों में इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी और जरूरत के अनुसार नियमित अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को निर्धारित और उचित कीमत पर जरूरी सामान उपलब्ध कराना है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in