कोर्ट से निकलते ही नवविवाहिता को कार में ले जाने का आरोप

प्रेम विवाह से नाराज था परिवार
कोर्ट से निकलते ही नवविवाहिता को कार में ले जाने का आरोप
Published on: 

पति ने पुलिस से पत्नी को वापस लाने की लगाई गुहार

नदिया : प्रेमी से शादी करने वाली 18 वर्षीय युवती को अदालत में बयान देने के बाद कोर्ट परिसर से कथित तौर पर जबरन कार में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि युवती के परिजन उसे अपने साथ ले गए। विरोध करने पर उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट भी की गयी। घटना नदिया के तेहट्ट की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चतरपाड़ा की युवती का जितपुर हबरीपाड़ा निवासी 24 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध था। परिवार की रजामंदी नहीं मिलने पर युवती 28 सितंबर को अपनी इच्छा से युवक के घर चली गयी। वहां दोनों ने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी कर ली। इसके बाद युवती के परिवार ने तेहट्ट थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज करायी। शिकायत के आधार पर पुलिस दोनों को थाने ले गयी। अगले दिन उन्हें तेहट्ट अदालत में पेश किया गया, जहां युवती ने न्यायाधीश के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। युवक के मुताबिक, अदालत की कार्यवाही के बाद जैसे ही दोनों बाहर निकले, गेट के पास मौजूद युवती के परिजन उसे पकड़कर कार में बैठा ले गये। आरोप है कि रोकने की कोशिश करने पर युवक के परिजनों के साथ हाथापाई की गयी। युवक का दावा है कि उसने घटना के दौरान 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन तत्काल मदद नहीं मिली। अब पत्नी की सुरक्षा को लेकर आशंकित युवक ने तेहट्ट पुलिस और एसडीपीओ से कार्रवाई कर पत्नी को वापस लाने की गुहार लगायी है। एसडीपीओ कार्यालय के अनुसार, शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in