

उत्तर 24 परगना : उत्तर 24 परगना के टाकी नगरपालिका क्षेत्र में सरकारी आवास दिलाने के नाम पर लोगों से कथित रूप से रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 8 के पूर्व तृणमूल पार्षद मृत्युंजय ऋषि दास पर कई परिवारों से नकद राशि लेने का आरोप लगा है। पीड़ितों ने रकम वापस दिलाने और पूरे मामले की जांच की मांग को लेकर हसनाबाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार वर्ष 2017 से 2022 तक वार्ड पार्षद रहने के दौरान मृत्युंजय ऋषि दास ने आवास योजना के तहत पक्का घर दिलाने का भरोसा देकर कई परिवारों से बड़ी रकम वसूली लेकिन उनके कार्यकाल में किसी को घर नहीं मिला। इतना ही नहीं, बाद में वार्ड में नया पार्षद चुने जाने के बावजूद कथित लाभार्थियों को योजना का लाभ नहीं मिल सका। पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो पूर्व पार्षद ने यह कहते हुए हाथ खड़े कर दिए कि वह अब सत्ता में नहीं हैं, इसलिए पैसे लौटाने में असमर्थ हैं। इसके बाद खुद को ठगा महसूस कर रहे लोगों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया और जल्द से जल्द उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की। वहीं, मृत्युंजय ऋषि दास ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है, "मैं अब न तो किसी पद पर हूं और न ही सक्रिय राजनीति में। यदि कोई मेरे खिलाफ ठोस और प्रमाणिक साक्ष्य प्रस्तुत करता है, तो मैं उसका पैसा लौटा दूंगा।" फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।