पश्चिम बंगाल
आज बंद रहेगी बारासात-बी गार्डन रूट की बस सेवा
करीब 50-53 बसें रहेंगी बंद
यात्रियों को करना होगा वैकल्पिक परिवहन का इस्तेमाल
सन्मार्ग संवाददाता
बारासात :
विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आयोजित प्रीतिभोज के चलते आज यानी 19 सितंबर को बारासात-बी गार्डन रूट पर 24 घंटे के लिए बसों का परिचालन बंद रहेगा। इस रूट पर करीब 50 से 53 बसें चलती हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। बारासात-बी गार्डन बस मजदूर संघ (बीएमएस) के सचिव प्रणब दास ने बताया कि सालभर यात्रियों की सेवा में जुटे बसकर्मियों के लिए हर वर्ष सामूहिक प्रीतिभोज का आयोजन किया जाता है। इसी कार्यक्रम के तहत इस बार एक दिन के लिए परिचालन रोकने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि शाम के बाद बी गार्डन की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ बसें चलाने की संभावना पर विचार किया जा सकता है। वहीं यात्रियों को पहले से जानकारी देने के लिए बसों में सूचना भी दी गयी थी। संगठन की ओर से यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद जताया गया है।
