बंगाल से विकसित भारत का संदेश, नितिन नवीन ने ‘कमल मेला’ का किया उद्घाटन

कार्यक्रम में भाजपा नेता दिलीप घोष भी मंच पर मौजूद थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपना वक्तव्य रखते हुए
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपना वक्तव्य रखते हुए
Published on

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनकी पहली बंगाल यात्रा है, जिसे पार्टी संगठन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। नितिन नवीन अंडाल एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजुमदार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद नितिन नवीन दुर्गापुर के चित्रालय मेला मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने ‘कमल मेला’ का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने भारत माता के चित्र को नमन कर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के बाद से ही वे देश के सांस्कृतिक मूल्यों को नमन करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल की धरती राजा राममोहन राय, ईश्वरचंद्र विद्यासागर, रवींद्रनाथ ठाकुर, बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय, स्वामी विवेकानंद, रामकृष्ण परमहंस, नंदलाल बोस और सत्यजीत रे जैसी महान विभूतियों की रही है, जिन्होंने भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई। नितिन नवीन ने कहा कि ‘कमल मेला’ के माध्यम से भाजपा का उद्देश्य नयी पीढ़ी को भारतीय और बंगाली संस्कृति से जोड़ना है। यह मेला स्थानीय कलाकारों को एक बड़ा मंच प्रदान करता है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने कहा कि अगर 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करना है, तो उसके लिए विकसित बंगाल बनाना भी उतना ही जरूरी है। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने जीवन के लक्ष्यों के लिए निरंतर संघर्ष करें और प्रयास करते रहें, क्योंकि विकसित भारत के निर्माण में सबसे बड़ी भूमिका आज के युवाओं की होगी। इस दौरान नितिन नवीन ने आनंदपुर इलाके में हुई भीषण आग की घटना पर भी गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा परिवार इस दुख की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ा है। कार्यक्रम में भाजपा नेता दिलीप घोष भी मंच पर मौजूद थे। वहीं बुधवार को नितिन नवीन दुर्गापुर के भृंगी काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, इसके बाद संगठनात्मक बैठक को संबोधित करेंगे और फिर आसनसोल में एक और बैठक के बाद अंडाल से रवाना होंगे।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in