

इस्लामपुर :चोपड़ा के दसपाड़ा ग्राम पंचायत अंतर्गत बालाबाड़ी इलाके में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब चाय बागान के बीच नाले में प्लास्टिक के जाल में करीब 9 फीट लंबा अजगर फंसा मिला। विशाल अजगर को देखकर इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।स्थानीय लोगों ने नाले में जाल के अंदर अजगर को फंसा देखा। इसके बाद इसकी जानकारी रेस्क्यूअर सिद्धार्थ राय को दी गई। सूचना मिलते ही सिद्धार्थ राय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानी बरतते हुए कैंची की मदद से जाल को काटा और अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान को मोबाइल कैमरों में कैद किया।
रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित बैग में रखा गया। रेस्क्यू टीम के अनुसार, अजगर स्वस्थ है। अब उसे वन विभाग को सौंपने की तैयारी है। वन विभाग की देखरेख में अजगर को उसके अनुकूल प्राकृतिक वातावरण में जंगल में छोड़े जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अजगर के रेस्क्यू की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। जाल में फंसे विशाल सांप को सुरक्षित निकालने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।