फुटबॉल खेलने के बाद दोस्तों संग तालाब में नहाने उतरा 14 वर्षीय छात्र डूबा

दोस्तों के कहने पर तालाब में नहाने उतरा था छात्र, तैरना नहीं जानता था अर्णजीत
bkp
Published on


उत्तर 24 परगना : दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने के बाद तालाब में नहाने उतरे आठवीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। आरोप है कि तैरना नहीं जानने के कारण छात्र पानी में उतरने से हिचक रहा था, लेकिन दोस्तों के कहने पर वह तालाब में गया। कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद उसके तीन दोस्त कथित तौर पर वहां से चले गए, जबकि एक ने उसे बचाने की कोशिश की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को अशोकनगर नगरपालिका के वार्ड नंबर 10 में यह हादसा हुआ। मृत छात्र की पहचान अर्णजीत राय के रूप में हुई है। वह अशोकनगर बॉयज सेकेंडरी स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ता था। बताया गया कि अर्णजीत चार दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने गया था। लौटते समय शिव मंदिर के पास तालाब देखकर सभी ने वहां नहाने का फैसला किया। चार दोस्त पानी में उतर गए, जबकि अर्णजीत किनारे पर खड़ा रहा। दोस्तों के बार-बार बुलाने पर वह भी पानी में गया और कुछ देर बाद डूबने लगा। एक दोस्त ने उसे बचाने का प्रयास किया, जबकि तीन अन्य कथित तौर पर वहां से चले गए। तालाब के पास मौजूद शिव मंदिर के पुजारी ने घटना की सूचना परिवार को दी। स्थानीय लोगों ने छात्र को बाहर निकालकर अशोकनगर स्टेट जनरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस घटना के समय मौजूद दोस्तों से पूछताछ कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in