बशीरहाट जेल में 18 बंदी बीमार, डायरिया की आशंका

खाने से विषाक्तता के आरोप को प्रशासन ने नकारा, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच
बशीरहाट जेल में 18 बंदी बीमार, डायरिया की आशंका
Published on

बशीरहाट : बशीरहाट उपसंशोधनागार में पिछले कुछ दिनों से बंदियों के पेट की बीमारी से परेशान होने का मामला सामने आया है। अब तक करीब 17-18 बंदियों के बीमार होने की जानकारी है। सूचना मिलते ही बशीरहाट स्वास्थ्य जिले की मेडिकल टीम जेल पहुंची और प्रभावित बंदियों की जांच की। प्राथमिक जांच में डायरिया जैसे लक्षण मिले हैं। हालांकि, किसी की हालत गंभीर नहीं बतायी गयी है। स्वास्थ्य विभाग के उपमुख्य स्वास्थ्य अधिकारी अनुपम भट्टाचार्य के नेतृत्व में चिकित्सकों ने बंदियों का उपचार किया और आवश्यक दवाएं दीं। मामले के बीच जेल में परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। राज्य में हाल ही में खाद्य सुरक्षा अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों से बासी भोजन और खराब खाद्य सामग्री बरामद हुई थी। ऐसे में जेल में एक साथ कई बंदियों के बीमार पड़ने से भोजन को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है। हालांकि, जेल प्रशासन ने भोजन से विषाक्तता की आशंका को खारिज किया है। अधिकारियों के मुताबिक बंदियों में डायरिया के मामले सामने आये हैं, लेकिन इसका कारण भोजन ही है, फिलहाल ऐसा कोई प्रमाण नहीं मिला है। स्वास्थ्य विभाग बीमारी की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in