योगी ने फिर छेड़ी 80-20 की बहस

योगी का दावा : 80 प्रतिशत राजग के साथ, 20 प्रतिशत पीडीए के साथ
 योगी आदित्यनाथ
योगी आदित्यनाथ
Published on: 

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव ने बता दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में क्या परिणाम होने वाला है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर ‘80-20’ की लड़ाई शुरू हो गई है, जिसमें 80 प्रतिशत लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और 20 प्रतिशत पीडीए के साथ हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जीपीओ स्थित पटेल पार्क में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए योगी ने प्रधानमंत्री को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, कल उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव (नामांकन) से पता चल गया कि विधानसभा चुनाव का नतीजा क्या होने वाला है। 80-20 की लड़ाई फिर से शुरू हो गई है। अस्सी प्रतिशत लोग राजग के साथ और 20 प्रतिशत पीडीए के साथ हैं। पीडीए का क्या हश्र होगा, यह फिर से आपके सामने होगा।

योगी की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों के लिए भाजपा के आठ उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के एक दिन बाद आई है। समाजवादी पार्टी ने दो उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पहले तीसरा उम्मीदवार उतारने का संकेत दिया था, लेकिन मंगलवार को नामांकन की आखिरी तारीख पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का ध्यान राज्यसभा की तीन सीटों पर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर है। यादव ने इससे पहले कहा था कि जरूरी संख्या जुटने पर उनकी पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी।

मंगलवार को नामांकन दाखिल करने वाले भाजपा उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्या सागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडे और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं। सपा की ओर से वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के धनराज परिमल नाथवानी उम्मीदवार हैं।

 योगी आदित्यनाथ
विसर्जन जुलूस रोकने के आरोप में 109 पर मुकदमा, 2 गिरफ्तार
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in