

बांदा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांदा में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख किया।
गुरुवार को योजित इस सभा में उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक निष्पक्ष तरीके से नहीं पहुंच पाता था, जबकि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि आज पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज का आर्थिक बोझ कम हुआ है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में "डबल इंजन" की सरकार केंद्र और प्रदेश के समन्वय से विकास कार्यों को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर सृजित करने, महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा व सशक्तिकरण तथा व्यापारियों के लिए बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने से निवेश का वातावरण बेहतर हुआ है और विकास की नई संभावनाएं बनी हैं।
उन्होंने जनता से सरकार की विकासपरक नीतियों का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।