

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन या चुनाव में चेहरा बदलने जाने के तमाम कयासों पर विराम लग गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस मसले पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि योगी आदित्यनाथ ही भाजपा का चेहरा अगले चुनाव में बने रहेंगे । दरअसल, हाल के दिनों में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर विपक्ष की ओर से तमाम कयासबाजियां हुईं । लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा के प्रदर्शन में गिरावट के बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी यूपी में नेतृत्व परिवर्तन के दावे किए । हालांकि, अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से इस दिशा में साफ कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि यूपी चुनाव 2027 में योगी आदित्यनाथ ही भाजपा का चेहरा होंगे ।
'योगी यूपी में पार्टी का चेहरा बने रहेंगे'
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में यूपी की सियासत पर बड़ा बयान दिया । उनसे सवाल किया गया था कि क्या आने वाले समय में सीएम योगी यूपी में पार्टी का चेहरा बने रहेंगे । इस पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि योगी आदित्यनाथ हमारे मुख्यमंत्री हैं । हम उनके नेतृत्व में ही शासन चला रहे हैं, इसलिए वे निश्चित रूप से पार्टी का चेहरा बने रहेंगे । इसके अलावा नितिन नवीन ने यूपी में भाजपा सरकार के बेहतर प्रदर्शन और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर राज्य नेतृत्व की पीठ थपथपाई।
नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमने इस राज्य को 'उत्तम प्रदेश' बनाने की दिशा में काफी प्रगति की है। यूपी एक ऐसा राज्य था जो कभी अपराध, रंगदारी और जाति की राजनीति के नाम पर जनता को गुमराह करने के लिए बदनाम था। आज उत्तर प्रदेश अपनी विकास गाथा के लिए जाना जाता है।