सीएम योगी से मुलाकात कर विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा हुए गदगद, की योजनाओं की तारीफ

किसान जमीन बेचकर नहीं बन सकते अमीर : विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा
सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा
सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करते विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा-
Published on

लखनऊ : विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने कहा कि किसान जमीन बेचकर अमीर नहीं बन सकते, बल्कि उन्हें समृद्ध बनने के लिए उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करना होगा। बंगा शुक्रवार को अपनी टीम के साथ यहां पहुंचे, जहां उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान बंगा ने राज्य में हो रहे विकास कार्यों और मुख्यमंत्री के नेतृत्व की जमकर सराहना की।

स्वागत से अभिभूत बंगा ने कहा , ऐसा लग रहा है कि मानो मैं अपने घर वापस आ गया हूं। उत्तर प्रदेश में मेरा ससुराल है और 12 साल बाद यहां आकर मैं हर क्षेत्र में बदलाव देख रहा हूं। योगी आदित्यनाथ में दृष्टिकोण, दृढ़ता और ऊर्जा है। अजय बंगा ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास भारत को वैश्विक मंच पर एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश ही विकसित भारत का आधार बनेगा।

बंगा ने कहा, किसान जमीन बेचकर अमीर नहीं बन सकते, उन्हें उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करना होगा। उन्नत खेती के जरिए ही वे समृद्धि हासिल कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने राज्य में कृषि क्षेत्र में हो रही प्रगति की सराहना की और इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया।

बंगा ने उत्तर प्रदेश में अवसंरचना के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व सुधारों, मजबूत कानून व्यवस्था और सुदृढ़ कनेक्टिविटी की प्रशंसा की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘दृष्टिकोण, ऊर्जा और दृढ़ संकल्प’ को सराहते हुए कहा कि उनकी नीतियों ने राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

विश्व बैंक अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था के क्षेत्र में आए सकारात्मक बदलावों पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था और बेहतर बुनियादी ढांचे ने राज्य को निवेश एवं विकास के लिए एक आदर्श स्थान बनाया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के छोटे किसानों को राज्य की सबसे बड़ी ताकत करार दिया। उन्होंने कहा कि छोटे किसान ही उत्तर प्रदेश का सोना हैं।

बंगा ने उत्तर प्रदेश में पर्यटन की असीम संभावनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि यहां धार्मिक, सांस्कृतिक और ‘ईको-टूरिज्म’ की अपार संभावनाएं हैं, जो इसे वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख स्थान दिला सकती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का खानपान और हस्तशिल्प न केवल भारत में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी लोकप्रिय हैं तथा इनके माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in