

एटा : कासगंज जिले के एक इलाके में बुधवार को उस समय तनाव पैदा हो गया जब रिहायशी इलाके में देशी शराब की दुकान खोलने के प्रस्ताव के खिलाफ बड़ी संख्या में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया और सड़क अवरुद्ध कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
विरोध प्रदर्शन सरस्वती शिशु मंदिर रोड के पास स्थित गंगेश्वर कॉलोनी क्षेत्र में हुआ जहां निवासी विशेषकर महिलाएं बड़ी संख्या में एकत्र हुईं और प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। अधिकारियों ने बताया कि सड़क जाम होने से कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
स्थानीय लोगों ने कहा कि वे प्रस्तावित शराब की दुकान का विरोध करते रहे है क्योंकि प्रस्तावित दुकान एक आवासीय क्षेत्र और स्कूली बच्चों द्वारा अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले मार्ग के बीच में पड़ती है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर शराब की दुकान खोलने से असामाजिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल पैदा होगा।
उन्होंने महिलाओं और स्कूल जाने वाली लड़कियों की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस मार्ग का उपयोग निवासी और छात्र प्रतिदिन करते हैं और इस स्थान पर शराब की दुकान खुलने से उनके लिए इस मार्ग का उपयोग करना मुश्किल हो जाएगा।
प्रदर्शनकारियों में से एक महिला ने कहा, जिस स्थान पर यह दुकान प्रस्तावित है वह मार्ग एक स्कूल की ओर जाती है और इसका छोटे बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने इसे अपने बच्चों की सुरक्षा और भविष्य का मामला बताते हुए कहा कि वे किसी भी हालत में शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान ने कहा, मामले की जांच की जा रही है और स्थानीय निवासियों द्वारा उठाई गई आपत्तियों पर विचार करने के बाद उचित निर्णय के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को एक रिपोर्ट भेजी जाएगी।
प्रदर्शनकारियों में से एक, पल्लवी भारद्वाज ने कहा, जब तक यह स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता कि शराब की दुकान का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है या दुकान को स्थानांतरित नहीं किया गया है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।