उत्तर प्रदेश : SIR को लेकर सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गये आवश्यक दिशानिर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ डिजिटल बैठक
उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी
उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी
Published on

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शनिवार को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ डिजिटल बैठक कर प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा SIR को लेकर दिए गए दिशानिर्देशों, कार्यक्रमों और इसकी प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी हो तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न होने पाए।

रिणवा ने जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो सके, इसके लिए पूरी सतर्कता बरती जाए।

बैठक में यह पाया गया कि सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा राजनीतिक दलों के साथ बैठक करके उन्हें SIR की प्रक्रिया और आयोग के निर्देशों की जानकारी दे दी गई है। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से बूथ लेबल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का अनुरोध भी किया गया है, जो पुनरीक्षण कार्यों में बीएलओ का सहयोग करेंगे।

समीक्षा में यह पाया गया कि कतिपय जनपदों को छोड़कर सभी जनपदों द्वारा गणना प्रपत्र की छपाई का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है। गणना प्रपत्र वितरण में धीमी प्रगति वाले जनपदों- प्रयागराज, मेरठ, हरदोई, बहराईच, वाराणसी, बलरामपुर, सोनभद्र, गाजीपुर, देवरिया, अमरोहा, जौनपुर, फतेहपुर, गाजियाबाद, शॉहजहॉपुर, गोरखपुर, कासगंज, आगरा, उन्नाव, बदॉयू, बॉंदा तथा हापुड़ को वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सभी जनपदों को 15 नवम्बर, 2025 तक गणना प्रपत्र शत-प्रतिशत वितरित कराये जाने के निर्देश दिये गये।

जनपदों को निर्देश दिया गया कि अपने बूथ लेवल अधिकारी को यह निर्देश जारी कर दें कि वे BLO ऐप का ‘एडवांस वर्जन 8.7’ प्ले स्टोर से डाउनलोड कर लें तथा जिन मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किया जा रहा है उनको BLO ऐप पर मार्क करते रहें, जिससे कि वितरण की प्रगति ऑनलाइन अपडेट हो सके। मतदाता प्रपत्र आनलाईन भर सकते है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in