उत्तर प्रदेश : सीएम योगी ने कहा- तन के साथ-साथ मन को भी स्वस्थ बनाता है योग

योग की परंपरा को आगे बढ़ाने का श्रेय पीएम मोदी को
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
Published on: 

गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कहा कि योगाभ्यास तन के साथ-साथ मन को भी स्वस्थ बनाता है। लखनऊ समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल राजभवन में हुए कार्यक्रम में शामिल हुईं जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गाजियाबाद और उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक लखनऊ में योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्य में निर्धारित स्थानों पर सुबह सात बजे से विशेष योगाभ्यास सत्र शुरू हो गया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन सभागार में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, योग हम सबके लिए भारत की ऋषि परंपरा का एक ऐसा मंत्र है, जो हमारे तन के साथ साथ मन को भी स्वस्थ बनाता है।

योगी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा, भारतीय परंपरा ने प्राचीन काल से ही योग के बारे में हम सबको विस्तृत रूप से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि वैसे भी शरीर स्वस्थ होने पर ही धर्म, काम, मोक्ष समेत कोई भी काम किया जा सकता है। योगी ने कहा कि आध्यात्मिक उन्नयन, सांसारिक उत्कर्ष, किसी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य स्वस्थ शरीर के बगैर नहीं किया जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारत की ऋषि परंपरा का वह उपहार है, जिसे लोक कल्याण का माध्यम बनाकर भारत ने विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। यह एक लंबी परंपरा है, जिसके अलग अलग आयाम देखने को मिलते हैं।

योगी ने कहा कि प्रदेश में अलग-अलग स्थान पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और जिलों में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल हो रहे हैं। योगी ने कहा कि आधुनिक युग में योग की परंपरा को आगे बढ़ाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को जाता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in