यूपी पुलिस का रिपोर्ट कार्ड : वर्ष 2025 में पुलिस के साथ मुठभेड़ों में 48 अपराधी ढेर

यूपी के DGP राजीव कृष्ण ने बताया, यह आंकड़ा पिछले 8 सालों में सबसे ज्यादा है
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने बुधवार को यहां बताया कि 2025 में राज्य पुलिस के साथ विभिन्न मुठभेड़ों में 48 कथित बदमाश मारे गए। यह आंकड़ा पिछले 8 सालों में सबसे ज्यादा है।

कृष्ण ने 20 मार्च 2017 से 29 दिसंबर 2025 के बीच के पुलिस कार्रवाई से संबंधित आंकड़े साझा किये। प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने मार्च 2017 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाला था।

DGP ने बताया कि 2018 से अब तक पुलिस के साथ मुठभेड़ों में कुल 266 अपराधी मारे गए हैं। उनके मुताबिक, साल 2025 में ही पुलिस के साथ मुठभेड़ की 2,739 घटनाएं हुईं, जिनमें 48 बदमाश मारे गये और 3,153 घायल हुए।

उनके मुताबिक, पिछले आठ वर्षों के दौरान हुई मुठभेड़ों की तुलना में इस वर्ष अपराधियों के मारे जाने की संख्या सर्वाधिक रही है। आंकड़ों के अनुसार, 2025 में मुठभेड़ की घटनाओं में एक पुलिसकर्मी भी मारा गया।

DGP द्वारा प्रस्तुत किए गए आंकड़ों के मुताबिक, साल 2018 में पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए कथित अपराधियों की संख्या 41 थी। इसके अलावा 2019 में 34 तथा 2020 और 2021 में 26-26 अपराधी मुठभेड़ों में मारे गए थे। वर्ष 2022 में यह आंकड़ा घटकर 13 हो गया, मगर 2023 में पुलिस के साथ मुठभेड़ों में 26 और 2024 में 25 अपराधियों की मौत हुई।

कृष्ण ने बताया कि आठ साल की अवधि में पुलिस ने कुल 16,284 अभियान संचालित किये, जिसमें 266 अपराधी मारे गए और 10,990 घायल हुए। आंकड़ों के अनुसार, इन कार्रवाइयों के दौरान 1783 पुलिसकर्मी घायल हुए और 18 पुलिस कर्मियों की जान गई।

विपक्ष पुलिस मुठभेड़ों को लेकर सवाल खड़े करता रहा है, मगर पुलिस ने लगातार कहा है कि ये अभियान आत्मरक्षा में और कानून के मुताबिक किए गए थे और वे संगठित अपराध और बार-बार अपराध करने वालों पर बड़ी कार्रवाई का हिस्सा थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News