यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस के टिकट फॉर्मूले में महिलाओं को मिलेगी विशेष वरीयता

महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस का चुनावी दांव, टिकट वितरण में महिलाओं को तरजीह
Lucknow
यूपी चुनाव: महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने की तैयारी में कांग्रेस
Published on

लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने इस बार महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने की रणनीति पर जोर देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने टिकट वितरण की प्रक्रिया में महिला नेताओं को प्राथमिकता देने का फैसला किया है।

इसी क्रम में सभी विधानसभा क्षेत्रों से तैयार किए जाने वाले तीन-तीन संभावित उम्मीदवारों के पैनल में कम से कम एक महिला का नाम अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि चुनावी राजनीति में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पार्टी के लिए लाभकारी साबित हो सकती है। यही कारण है कि टिकट चयन प्रक्रिया में महिला दावेदारों को पर्याप्त अवसर देने की तैयारी की जा रही है।

अंतिम टिकट चयन से पहले तैयार होने वाले पैनल में महिला उम्मीदवारों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है।

हाल ही में नियुक्त प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी महिला कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं के साथ हुई बैठकों में इस दिशा में स्पष्ट संकेत दिए हैं। दोनों नेताओं ने महिला कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने और चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया है।

कांग्रेस की इस रणनीति को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी एक ओर महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी को घेरने की कोशिश करेगी, वहीं दूसरी ओर अधिक संख्या में महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास करेगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस का यह कदम केवल टिकट वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को संगठन और चुनावी राजनीति में अधिक प्रतिनिधित्व देने की व्यापक रणनीति का हिस्सा है।

यदि इस नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जाता है, तो आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पहले की तुलना में अधिक महिला उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतार सकती है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in