शिक्षक ने 10वीं के छात्र को 17 थप्पड़ जड़े

Meerut
सागर और उनके पिता ने कॉलेज के प्रधानाचार्य और पुलिस से शिकायत की है।
Published on

मेरठ : यहां पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में 13 साल के छात्र को टीचर ने बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। खबरों केअनुसार टीचर ने छात्र को 39 सेकेंड में 17 थप्पड़ गाल पर जड़ दिए। छात्र ने सिर नीचे कर बचाव का प्रयास किया, तो टीचर ने उसके मुंह पर घूसे मारे।

मारपीट की पूरी घटना कक्षा में लगे CCTV में कैद हो गई। इसमें टीचर यह कह रहे हैं, 'यह क्या लिखा है, बता ?' कॉलेज से तेरा नाम काट दूंगा। छात्र 10वीं में पढ़ता है। छात्र ने घर पहुंचकर मामले की जानकारी अपने पिता को दी। वहीं, पिता का कहना है कि पिटाई के बाद से बेटा डिप्रेशन में है। इसके बाद छात्र के घरवाले कॉलेज पहुंचे और प्रधानाचार्य अमित कुमार से शिकायत की। फिर हस्तिनापुर थाने पर शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। घटना गुरुवार दोपहर की है।

चेहरे पर टीचर ने जड़े थप्पड़

मकदूमपुर कॉलोनी में रहने वाले रमेश ने बताया- मेरा बेटा गुरुवार को कॉलेज गया था। उसने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे एक टीचर क्लास में आए। कक्षा में आते ही वह मेरे बेटे को पीटने लगे। उसके गाल और मुंह पर थप्पड़ बरसाने लगे। मेरा बेटा बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन टीचर लगातार उसे पीटते रहे। टीचर ने मेरे बेटे को कॉलेज से नाम काटने की धमकी दी।

पिटाई से मेरे बेटे के शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं। पिटाई से वह मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने बताया कि कक्षा में लगे सीसीटीवी में यह घटना कैद हुई है। टीचर पहले से ही मेरे बेटे को टॉर्चर करते आ रहे हैं। वह बिना वजह ही मेरे बेटे को डांटते-फटकारते हैं।

कॉलेज प्रबंधन और थाने में शिकायत की

पिता ने बताया कि छुट्‌टी के बाद बेटा घर आया, तो उसने मुझे पूरी बात बताई। इसके बाद मैं बेटे को लेकर कॉलेज पहुंचे। वहां प्रधानाचार्य अमित कुमार से शिकायत की। इसमें बाद बेटे को लेकर हस्तिनापुर थाने गया और शिकायत दी।

प्रधानाचार्य अमित कुमार ने बताया कि छात्र के पिता ने शिकायत की है। मामले के बारे में पता किया जा रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in