

बहराइच : उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में वर्ष 1995 में हुए तिहरे हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 90 वर्षीय बृजलाल मिश्र की सजा राज्यपाल ने माफ कर दी है। करीब आठ साल जेल में रहने के बाद उन्हें बृहस्पतिवार शाम रिहा कर दिया गया।
जिला कारागार के जेलर अजय कुमार ओझा ने शुक्रवार को बताया कि बृजलाल की सजा माफी के लिए दया याचिका जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी गई थी। शासन की संस्तुति के बाद राज्यपाल ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली। गुरुवार को शासन का आदेश मिलने पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने मुचलका भरवाकर उन्हें रिहा कर दिया।
जेलर के मुताबिक, बीमारी, अधिक उम्र और जेल में अच्छे आचरण को सजा माफी का आधार बनाया गया है। बृजलाल करीब आठ साल से जेल में बंद थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 1995 में खैरीघाट क्षेत्र के चूड़ामणि गांव में पूर्व प्रधान गोकरन सिंह, उनके भाई अमिरका सिंह और भतीजे बजरंगी सिंह की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गोकरन सिंह के बेटे ने भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह, उनके बड़े भाई एवं तत्कालीन ब्लॉक प्रमुख बृजेश्वर सिंह उर्फ धीरू और बृजलाल समेत नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
अदालत ने विधायक सुरेश्वर सिंह समेत चार आरोपियों को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया था, जबकि बृजेश्वर सिंह उर्फ धीरू, बृजलाल मिश्र, महाराजदीन मिश्र, कौशल किशोर और राजू भुजवा समेत पांच आरोपियों को सितंबर 2019 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
इस मामले में महाराजदीन मिश्र और कौशल किशोर की जेल में मौत हो चुकी है, जबकि रमेश कुमार उर्फ राजू भुजवा और बृजेश्वर सिंह जेल में बंद हैं।
बृजलाल बहराइच जिले के हरदी क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के निवासी हैं। उनके परिजनों ने अधिक उम्र और पारिवारिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए कई बार सजा माफी के लिए आवेदन किया था। जिलाधिकारी की संस्तुति के बाद राज्यपाल की मंजूरी से उनकी सजा माफी का आदेश जारी हुआ। रिहाई के बाद परिजन उन्हें अपने साथ घर ले गए।