

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को दावा किया कि उनकी सरकार जिस तेजी से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसकी गति ‘सैफई सिंडिकेट’ गिन भी नहीं पाएगा। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि उसे नोट गिनने के अलावा कुछ और गिनना आता ही नहीं है।
योगी ने कहा कि अब तक प्रदेश के 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। यह संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकाल की कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के दो हजार चयनित अभ्यर्थियों सहित करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं थी। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही ‘चाचा-भतीजे’ की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई मुन्ना भाई लेकर चला जाता था। योगी का ‘चाचा-भतीजे’ का संदर्भ परोक्ष रूप से सपा नेता शिवपाल यादव और उनके भतीजे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर था।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2015-16 में हाईस्कूल, इंटर और स्नातक में तृतीय श्रेणी पाने वाले अभ्यर्थी को लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एसडीएम का टॉपर बना दिया गया। आज बिना सिफारिश और लेन-देन के मेधा के आधार पर युवाओं को नियुक्ति मिल रही है। लखीमपुर खीरी के चंदन चौकी के थारू जनजाति के युवा से लेकर रायबरेली, जौनपुर, शाहजहांपुर, गोरखपुर और लखनऊ के सामान्य परिवारों के अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। मेधा का अपमान महापाप है और नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है।
नवनियुक्त लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को वित्तीय शुचिता की सीख देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी वरिष्ठ अधिकारी या सरकार के दबाव में गलत फाइल पर हस्ताक्षर न करें।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में 167 करोड़ रुपये के बजट वाले गोमती रिवरफ्रंट पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, फिर भी परियोजना अधूरी रही। मौखिक आदेशों के कारण निचले स्तर के कर्मचारी जेल गए, जबकि जनता का पैसा लूटकर इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में संपत्ति बनाने वाले लोग ऐश कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पुरानी पेंशन को लेकर सपा के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्ष 2005 में सपा सरकार ने ही नयी पेंशन योजना लागू की थी, लेकिन 2017 तक कर्मचारियों के खाते नहीं खोले गए और न ही सरकारी अंशदान जमा किया गया। वर्तमान सरकार ने कमेटी गठित कर खाते खुलवाए, सरकारी अंशदान 10 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किया और बजट से 10 हजार करोड़ रुपये देकर 14 लाख कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया।