2 मार्च आधी रात से सील रहेगी भारत-नेपाल सीमा, इस वजह से ल‍िया गया फैसला

नेपाल के गृह मंत्रालय ने सीमा बंद करने के संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी किया
सीमा
सीमा
Published on

बहराइच : नेपाल में पांच मार्च को होने वाले आम चुनाव के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा दो मार्च की आधी रात से पांच मार्च की आधी रात तक बंद रहेगी। भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बहराइच के रुपईडीहा में स्थित ‘इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट’ (ICP) के प्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि नेपाल के गृह मंत्रालय ने सीमा बंद करने के संबंध में 26 फरवरी को एक आधिकारिक पत्र जारी किया है।

पत्र के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और विश्वसनीय वातावरण में सुनिश्चित करने के लिए भारत से सटे बांके जिले के पूरे हिस्से की सभी सीमा चौकियां दो और तीन मार्च के दरमियान मध्यरात्रि 12 बजे से पांच मार्च की रात 12 बजे तक बंद रहेंगी।

शर्मा ने कहा कि इस अवधि के दौरान चौकी के माध्यम से वस्तुओं का आयात और निर्यात निलंबित रहेगा। हालांकि, आवश्यक दवाओं और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुओं की आवाजाही नहीं रोकी जाएगी।

सशस्त्र सीमा बल की 42वीं बटालियन के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने कहा कि नेपाल प्रशासन की ओर से जारी एक पत्र के बाद दो मार्च की आधी रात से पांच मार्च को मतदान की रात तक सीमा पर ‘सीमित आवाजाही’ की व्यवस्था को लागू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सीमा पर पहले से ही अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और पहचान दस्तावेजों की गहन जांच और सत्यापन के बाद ही लोगों को सीमा पार करने की अनुमति दी जा रही है। दोनों देशों के नागरिकों को सलाह दी गई है कि जब तक बहुत जरूरी न हो प्रतिबंधित अवधि के दौरान सीमा पार करने से बचें।

उदावत ने कहा कि बड़ी संख्या में नेपाली मतदाता रोजगार और व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए भारत में रहते हैं। ऐसे मतदाताओं और गंभीर रूप से बीमार रोगियों और आवश्यक सामान की आवाजाही को सुरक्षा बलों की निगरानी में सीमा पार करने की अनुमति दी जा सकती है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in