

रायबरेली : लोकसभा में विपक्ष के नेता और रायबरेली से कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी के 'जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति' (दिशा) की बैठक में शामिल होने से पहले रायबरेली कचहरी के बाहर समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी सपा विधायकों ने आरोप लगाया कि जिला पंचायत स्थानीय मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।
रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा के साथ पूर्वाह्न करीब 11 बजे बैठक के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने उनका स्वागत किया।
इससे पहले, सपा के विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भाटी कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके हाथों में प्लेकार्ड और पोस्टर थे, जिनमें उन मुद्दों का जिक्र था जिन्हें वे बैठक में उठाना चाहते थे।
विधायकों के पोस्टरों में स्कूल बंद होने, भू-माफिया द्वारा कथित कब्जे, झूठे मामलों, किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी और खराब बुनियादी सुविधाओं का जिक्र था। बैठक से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए लोधी ने आरोप लगाया कि जिले में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं और भाजपा सरकार बच्चों का भविष्य खराब कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया, मेरे निर्वाचन क्षेत्र हरचंदपुर में ज्यादातर स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जिले में जमीन पर कब्जा किया जा रहा है लेकिन आवाज उठाने वाला कोई नहीं है। हर व्यक्ति और समाज का हर वर्ग परेशान है।
लोधी ने कहा कि सपा विधायक 'दिशा' बैठक में ये मुद्दे उठाएंगे और स्थानीय समस्याओं पर कथित निष्क्रियता को लेकर जिला पंचायत नेतृत्व से सवाल करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि गांधी संसद में रायबरेली से जुड़े मुद्दे उठाते हैं लेकिन स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार लोग क्या कर रहे हैं और वे क्या कार्रवाई करने का प्रस्ताव रखते हैं ?
रायबरेली से भाजपा विधायक मनोज पांडेय और दिनेश प्रताप सिंह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री हैं जबकि अदिति सिंह रायबरेली सदर सीट से भाजपा विधायक हैं। राहुल गांधी मंगलवार की शाम को रायबरेली पहुंचे थे।
स्थानीय कांग्रेस नेताओं के अनुसार राहुल ने व्यापारियों से मुलाकात की और वकीलों के साथ बैठक कर उनकी चिंताओं पर चर्चा की। बुधवार सुबह गांधी ने भुएमऊ के गेस्ट हाउस में स्थानीय लोगों से मुलाकात की और 'दिशा' की बैठक में शामिल होने से पहले जिले से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।