एअर इंडिया विमान में हवा में मिला धुएं का अलर्ट

लखनऊ में कराई गई एहतियाती लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
Lucknow
हवा में मिला धुएं का अलर्ट
Published on: 

लखनऊ : वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India Express की फ्लाइट IX 1253 में उड़ान के दौरान धुएं का संकेत मिलने से यात्रियों में चिंता की स्थिति बन गई। विमान के पिछले कार्गो कंपार्टमेंट से धुएं का अलर्ट मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को लखनऊ की ओर मोड़ने का फैसला किया।

विमान ने सुबह करीब 8:52 बजे लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की।

अलर्ट मिलते ही पायलट ने लिया एहतियाती फैसला

जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद कार्गो हिस्से में लगे स्मोक डिटेक्शन सिस्टम ने चेतावनी दी। इसके बाद चालक दल ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर विमान उतारने की अनुमति मांगी।

सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया। एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचते ही इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञ सक्रिय हो गए।

जांच में नहीं मिला धुआं, सभी यात्री सुरक्षित

लैंडिंग के बाद विमान की बारीकी से जांच की गई, लेकिन अधिकारियों को अंदर धुआं या आग के स्पष्ट निशान नहीं मिले। इसके बाद विमान को पार्क किया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

विमान में कुल 155 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। एयरलाइन के अनुसार, तकनीकी समस्या की जांच जारी है। यात्रियों को आगे दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News