

नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राम मंदिर चंदा गबन मामले में चुप्पी तोड़ते हुए बड़ी बात कही है। आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की बात कही साथ ही मंदिर प्रबंधन में पारदर्शिता और समुचित वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि अयोध्या मंदिर पर करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा पहले की ही तरह अखंड एवं अटूट बनी रहे।
उन्होंने ने कहा रामलला के मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे समूचे समाज और राम भक्तों की भावना और श्रद्धा को आघात पहुंचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं। उन्होंने हिंदू समुदाय से इस कठिन क्षण में आवश्यक धैर्य और संयम बनाये रखने की अपील की है।
होसबोले ने आगे कहा कि राम जन्मभूमि पर बना ये भव्य मंदिर पीढ़ियों के संघर्ष का परिणाम है और करोड़ों रामभक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण ये संपूर्ण हिन्दू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केन्द्र बन सका है।