संत प्रेमानंद को किडनी दान करना चाहते हैं राज कुंद्रा, जानिए संत ने क्या कहा

पत्नी शिल्पा शेट्टी के साथ वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद से मुलाकात की
संत प्रेमानंद से आशीर्वाद लेती हुईं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी
संत प्रेमानंद से आशीर्वाद लेती हुईं अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी-
Published on: 

मथुरा : बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा ने अपनी पत्नी के साथ वृंदावन पहुंचकर संत प्रेमानंद से मुलाकात की और उन्हें अपना एक गुर्दा दान देने की पेशकश की।आश्रम के एक सेवायत ने बताया कि शिल्पा गुरुवार को पति राज कुंद्रा के साथ संत प्रेमानन्द के वृन्दावन स्थित श्री केली कुंज आश्रम पहुंचीं तथा दोनों पति-पत्नी ने संत से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।

सेवायत के अनुसार कुंद्रा प्रेमानन्द महाराज से इतना प्रभावित हुए कि जैसे ही उन्हें मालूम हुआ कि उनके दोनों गुर्दे खराब हो चुके हैं तो उन्होंने तुरंत अपना एक गुर्दा उन्हें दान करने का प्रस्ताव रख दिया।

उन्होंने बताया कि इस पेशकश पर शिल्पा समेत वहां मौजूद हर व्यक्ति आश्चर्यचकित रह गया लेकिन हालांकि संत प्रेमानंद ने कुंद्रा को धन्यवाद देते हुए उन्हें बेहद शालीन तरीके से मना कर दिया और कहा, विधि के विधान के अनुसार मैं आपकी एक ‘किडनी’ पाकर जितना समय जिऊंगा, ईश्वर की कृपा से दोनों ‘किडनी’ के बिना भी उतने ही समय जिऊंगा। उससे पल भर भी ज्यादा नहीं।

सेवायत के मुताबिक इसके बाद, जब शिल्पा शेट्टी ने संत से शांति पाने का उपाय जानना चाहा तो उन्होंने केवल राधा नाम का जाप करने की सलाह दी। उसके बाद शिल्पा संत प्रेमानंद की सलाह पर राधारानी के दर्शन करने के लिये बरसाना पहुंचीं। दंपत्ति ने श्रीजी के मंदिर में माथा टेका और बड़े ही श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर सेवायत चंदर गोस्वामी ने उन्हें ओढ़नी उढ़ाकर राधारानी का आशीर्वाद प्रदान किया।

अपने अनुभव के बारे में पूछे जाने पर शिल्पा ने कहा, सच, बरसाना आकर जीवन धन्य हो गया। बहुत अच्छा लगा। राधारानी के दर्शन कर दिल को बहुत सुकून मिला। उनका यह स्थल वास्तव में दिव्य है, अद्वितीय है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in