युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

थाना प्रभारी विपिन सिंह ने बताया कि घटना 13 मार्च की है
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on

बलिया : बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। सोशल नेटवर्किंग साइट 'एक्स' पर मंगलवार को व्यापक रूप से प्रसारित हुए इस वीडियो में कुछ लोगों को एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में सुनसान जगह पर पीड़ित को जबरन नंगा किया जा रहा है, गाली-गलौज की जा रही है और पेड़ की टहनी से बुरी तरह पीटा जा रहा है।

वीडियो में दिख रहा है कि व्यक्ति दर्द से चिल्ला रहा है और आखिरकार जमीन पर गिर जाता है। बार-बार दया की गुहार लगाने के बावजूद उसकी चीखें अनसुनी कर दी गईं। थाने के प्रभारी विपिन सिंह ने बुधवार को बताया कि घटना 13 मार्च की है। कटुहरा गांव के अभिषेक राजभर की शिकायत पर प्रिंस सिंह उर्फ मानवेंद्र सिंह, सम्राट सिंह, धन्नू सिंह और राज निषाद के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी के मुताबिक अभिषेक ने बताया कि 13 मार्च को दोपहर के समय प्रिंस सिंह उर्फ मानवेंद्र सिंह, सम्राट सिंह, धन्नू सिंह और राज निषाद उसे गांव की सड़क से जबरन अपनी कार में बिठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां उसकी बुरी तरह पिटाई की गई। पुलिस को घटना की सूचना देने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। राजभर का दावा है कि वह किसी तरह भाग गया।

डीएसपी आलोक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने बलिया की एक स्थानीय अदालत से आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल कर लिया है और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in