बढ़ती गर्मी में बिजली संकट पर विपक्ष का योगी सरकार पर हमला, तत्काल कदम की मांग

महंगी बिजली और अव्यवस्था को जनहित का बड़ा मुद्दा बताया
बढ़ती गर्मी में बिजली संकट पर विपक्ष का योगी सरकार पर हमला, तत्काल कदम की मांग
Published on

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली संकट को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने शुक्रवार को राज्य की BJP सरकार पर निशाना साधा और जनहित में बिजली आपूर्ति में सुधार के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिजली की कमी और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में कथित विफलता को लेकर सरकार पर कटाक्ष किया।

यादव ने एक पोस्ट में कहा,बिजली के नये प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में। मुँह से ये कह ही देते। कम से कम आप '3x660 सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट' कह सकते थे; इसे सुनने से भी भीषण गर्मी में पीड़ित लोगों को कुछ राहत मिलती।

उन्होंने कहा कि सरकार नए बिजली संयंत्र लगाने में असफल रही है। उन्होंने आगे आरोप लगाया ‘BJP के कुराज में यूपी में बिजली की सिर्फ ‘मांग’ बढ़ रही है या ‘दाम’ बढ़ रहे हैं, सप्लाई-आपूर्ति नहीं। BJP राज, यूपी खस्ताहाल !

BSP प्रमुख मायावती ने भीषण गर्मी में अपर्याप्त बिजली आपूर्ति और बार-बार बिजली कटौती पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कम बिजली आपूर्ति और लगातार कटौती ने गरीबों, मध्यम वर्ग, किसानों, छोटे व्यापारियों और अन्य कामकाजी लोगों के जीवन को कठिन बना दिया है।

मायावती ने सरकार से अपील की कि तत्काल कदम उठाकर जनता को हो रही असुविधाओं को दूर किया जाए और नए बिजली संयंत्रों की स्थापना सहित आवश्यक उपायों के माध्यम से भविष्य में बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार किया जाए।

दोनों विपक्षी दलों ने इस मुद्दे को व्यापक जनहित का मामला बताते हुए कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए और स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in