गंगा दशहरा पर अयोध्या के राम मंदिर में ‘राजा राम’ और अन्य विग्रहों की हुई प्राण-प्रतिष्ठा

22 जनवरी 2024 को पीएम नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में राम लला का अभिषेक हुआ था
राजा राम
राजा राम-
Published on

अयोध्या : उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार को गंगा दशहरा के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में आयोजित धार्मिक समारोह में राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के अंदर नवनिर्मित 8 मंदिरों में विग्रहों की स्थापना के साथ-साथ भगवान राम के शाही स्वरूप ‘राजा राम’ की प्राण-प्रतिष्ठा की गई।

वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज के बीच हुआ यह अनुष्ठान इस मंदिर में आयोजित दूसरा प्रमुख प्राण-प्रतिष्ठा समारोह था। इससे पहले, 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में राम लला का अभिषेक किया गया था।

गुरुवार का यह समारोह ‘अभिजीत मुहूर्त’ के दौरान हुआ। हिंदू पंचांग में इसे सबसे शुभ घड़ियों में से एक माना जाता है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मुताबिक, विग्रहों का अभिषेक सुबह साढ़े 6 बजे यज्ञ मंडप में पूजा के साथ शुरू हुआ, जिसके बाद पूर्वाह्न 9 बजे हवन किया गया और फिर सभी मंदिरों में एक साथ अनुष्ठान शुरू हुए।

ट्रस्ट के अनुसार, जिन देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई, उनमें श्री राम दरबार (केंद्रीय स्थापना), शेषावतार, उत्तर-पूर्व (ईशान) कोने में भगवान शिव, दक्षिण-पूर्व (अग्नि) कोने में भगवान गणेश, दक्षिणी शाखा में भगवान हनुमान, दक्षिण-पश्चिम कोने में सूर्य देव, उत्तर-पश्चिम (वायव्य) कोने में देवी भगवती और उत्तरी शाखा में देवी अन्नपूर्णा शामिल हैं।

श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के न्यासी अनिल मिश्रा ने कहा कि यह समारोह देश के विभिन्न हिस्सों से आए धार्मिक विद्वानों की भागीदारी में वैदिक परंपराओं के अनुरूप संपन्न हुआ। उन्होंने कहा, गंगा दशहरा का दिन एक नयी शुरुआत का प्रतीक होगा। यह वह पल होगा, जब सदियों की तपस्या, संघर्ष और आस्था का फल मूर्त रूप में प्रकट होगा।

समारोह के दौरान स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों का मंदिर परिसर में तांता लगा रहा। इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा खासी चाक-चौबंद थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, अयोध्या के चारों ओर त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों के साथ-साथ ड्रोन रोधी तकनीक, सीसीटीवी कैमरे और उन्नत निगरानी प्रणाली तैनात की गई है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in