बसपा नेता कलामुद्दीन हत्याकांड का वांछित मुस्तफिजुल मुठभेड़ में ढेर

हत्या व डकैती के 10 मामलों में वांछित अपराधी पर था एक लाख का इनाम
सांकेतिक चित्र
सांकेतिक चित्र
Published on

गोरखपुर : गोरखपुर जिले में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता की हत्या का आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और स्थानीय पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया।

गीडा क्षेत्र की पुलिस क्षेत्राधिकारी कीर्ति निधि आनंद ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात गोरखपुर-कुशीनगर रूट पर रामनगर-करजहा के पास STF और स्थानीय पुलिस के साथ मुठभेड़ में गोली लगने से मुस्तफिजुल नामक कुख्यात बदमाश मारा गया।

उन्होंने बताया कि मुस्तफिजुल पर चार साल पहले बसपा नेता कलामुद्दीन उर्फ कमालू की हत्या का आरोप था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ में STF का प्रधान आरक्षी महेंद्र सिंह गोली लगने से घायल हो गया।

सांकेतिक चित्र
गायघाट में पुलिस पिटाई से मौत के बाद कार्रवाई तेज

STF और स्थानीय पुलिस को मुस्तफिजुल के कुशीनगर की ओर जाने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद सोमवार रात करीब 11 बजे निरीक्षण अभियान शुरू किया गया। इस दौरान जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो मुस्तफिजुल ने कथित तौर पर मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की और पीछा किये जाने पर पुलिस दल पर गोलियां चलायीं।

आनंद ने बताया कि मुस्तफिजुल द्वारा चलायी गयी गोली लगने से STF का प्रधान आरक्षी महेंद्र सिंह घायल हो गया जिसके बाद जवाबी गोलीबारी में मुस्तफिजुल आंख और पैर में गोली लगने से गम्भीर रूप से जख्मी हो गया।

मुस्तफिजुल को खोराबार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां इलाज के दौरान 13 और 14 जुलाई की दरमियानी रात करीब एक बजे उसकी मौत हो गयी। आनंद ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक .32 बोर की पिस्टल, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

आजमगढ़ के मेहनगर इलाके के खुंदनपुर गांव का रहने वाला मुस्तफिजुल उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में दर्ज हत्या और डकैती समेत 10 आपराधिक मामलों में वांछित था। उसे दिसंबर 2024 में गुजरात में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन आजमगढ़ ले जाते समय महाराष्ट्र के अमरावती रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन से कूदकर वह फरार हो गया था।

आनंद ने बताया कि मुस्तफिजुल पर आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से चुनाव लड़ चुके बसपा नेता कलामुद्दीन की फरवरी 2021 में गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

सांकेतिक चित्र
बहराइच में फर्जी लोन के नाम पर बैंक खातों पर कब्जा, 13 गिरफ्तार
Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in