वायुसेना दिवस पर एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह का संदेश

भारतीय वायुसेना हर चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार
 वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह
Published on: 

गाजियाबाद : वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय वायुसेना की अभियानगत क्षमताएं सही दिशा में बढ़ रही हैं और यह बल सतर्क है तथा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।

वायुसेना प्रमुख ने यहां हिंडन वायुसेना स्टेशन पर वायुसेना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अपने 94 वर्ष के सफर में भारतीय वायुसेना दुनिया के बेहतरीन सैन्य बलों में शामिल एक असाधारण, सक्षम, नेटवर्क-केंद्रित और बहु-क्षेत्रीय बल के रूप में विकसित हुई है। उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वायु योद्धाओं को नमन किया।

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि दुनिया के कुछ हिस्सों में हुए संघर्षों ने दिखाया है कि किसी देश के हितों की रक्षा के लिए वायु शक्ति प्रमुख साधन है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान में भारतीय वायुसेना ने सैन्य अभियानों को तेजी से संचालित करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

एयर चीफ मार्शल ने कहा कि भारतीय वायुसेना सतर्क, प्रतिबद्ध और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, हमारी अभियानगत क्षमताएं सही दिशा में बढ़ रही हैं। वायुसेना उम्मीदों पर खरा उतरने, बल्कि उनसे भी बेहतर प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

एयर चीफ मार्शल ने 31 अक्टूबर को अपनी सेवानिवृत्ति का जिक्र करते हुए कहा कि वायुसेना प्रमुख के रूप में सेवा करना ‘मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य’ रहा और यह उनके लिए गर्व की बात है।

हिंडन वायुसेना स्टेशन पर 94वें वायुसेना दिवस समारोह में औपचारिक परेड के साथ वायुसेना के कुछ प्रमुख लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन किया गया। समारोह में तीनों सेनाओं के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद थे। वायुसेना के कई पूर्व प्रमुखों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

एयर चीफ मार्शल सिंह 1960 के दशक की एक पुरानी कार में परेड स्थल पहुंचे। इस दौरान तीन हेलीकॉप्टर ने उनके ऊपर से ‘ध्वज’ आकृति बनाते हुए उड़ान भरी।

वायुसेना ने हवाई पट्टी पर राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों, एलसीएच प्रचंड और एएलएच ध्रुव जैसे हेलीकॉप्टरों तथा महत्वपूर्ण हथियार एवं वायु रक्षा प्रणालियों का स्थिर प्रदर्शन किया।

 वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह
यूपी में 20 IPS अधिकारियों के तबादले
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in