कांवड़ियों को बदनाम करने के लिए हो रहा ‘मीडिया ट्रायल’, वाराणसी में बोले सीएम योगी

फर्जी अकाउंट बनाकर कांवड़ियों को बदनाम करने का प्रयास
वाराणसी में जनजातीय गौरव बिरसा मुंडा पर आधारित राष्ट्रीय संगोष्ठी
वाराणसी में जनजातीय गौरव बिरसा मुंडा पर आधारित राष्ट्रीय संगोष्ठी-
Published on

वाराणसी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर कांवड़ यात्रियों को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं और उन्हें आतंकी एवं उपद्रवी तक कहा जा रहा है।

यहां जनजातीय गौरव बिरसा मुंडा पर आधारित राष्ट्रीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, अभी कांवड़ यात्रा चल रही है जिसमें समाज के श्रमिक वर्ग से लेकर उच्च वर्ग तक का हर व्यक्ति इस अभियान से जुड़ा हुआ है। यह एकता का अद्भुत संगम है जहां किसी तरह का कोई भेदभाव नहीं है और सभी भक्ति भाव से चलते हैं।

योगी ने कहा, लेकिन यहां ‘मीडिया ट्रायल’ होता है। कांवड़ियों को बदनाम किया जाता है और खूब उसके बारे में लिखा जाता है। उन्हें उपद्रवी और आतंकवादी तक बोलने का दुस्साहस किया जाता है। यह वह मानसिकता है जो भारत की हर प्रकार की विरासत को अपमानित करना चाहती है।

उन्होंने कहा कि ये वही लोग हैं जिन्होंने जनजातीय समुदाय को भारत से अलग करने का प्रयास किया, उन्हें भड़काने का काम किया है तथा उन्हें भारत के खिलाफ संघर्ष करने के लिए उकसाने का हर स्तर पर षड़यंत्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह वही समुदाय है जो भारत की आस्था का सदैव अपमान करता है और यही लोग सोशल मीडिया मंच पर फर्जी अकाउंट बनाकर जातीय संघर्ष की स्थिति पैदा करना चाहते हैं।

उन्होंने तीन वर्ष पहले की एक घटना का उल्लेख करते हुए कहा, एक जगह आगजनी की घटना हुई। मैंने कहा कि इस घटना की प्रकृति दिखाती है कि इस समुदाय ने यह घटना नहीं की होगी। मैंने पुलिस से पूरा वीडियो फुटेज निकालने को कहा। फुटेज में सामने आया कि आगजनी करने वाला एक व्यक्ति केसरिया गमछा बांधे हुए था और आगजनी करते समय अचानक उसका गमछा निकला और उसके मुंह से निकल पड़ा या अल्लाह।

मैंने कहा, हिंदुओं को बदनाम करने के लिए किस शऱारत के तहत केसरिया गमछा बांधकर एक व्यवस्था को अपमानित किया जा रहा है। यह घटना दिखाती है कि ये कौन लोग हैं जो फर्जी अकाउंट बनाकर जातीय संघर्ष की स्थिति पैदा करना चाहते हैं।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in