कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह की टिप्पणी पर भड़कीं मायावती

मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को ‘आतंकवादियों की बहन’ कहा था
टिप्पणी
टिप्पणी
Published on: 

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में की गई मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री की ‘अपमानजनक’ टिप्पणी को बुधवार को ‘अति-दुखद व शर्मनाक’ बताया।

मायावती ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘पोस्ट’ साझा करते हुए कहा कि जब पाकिस्तान के विरुद्ध भारतीय सेना के ‘आपरेशन सिंदूर’ की सफलता से पूरा देश उत्साहित है तो ऐसे में ‘पहले विदेश सचिव और फिर सेना की महिला अफसर के प्रति घृणित, असभ्य एवं अमर्यादित टिप्पणी’ जोश के इस माहौल को वास्तव में खराब करने वाली है।

उन्होंने कहा, भाजपा एवं केन्द्र सरकार मध्यप्रदेश के एक वरिष्ठ मंत्री द्वारा मुस्लिम महिला सेना प्रवक्ता के संबंध में की गई अभद्र टिप्पणी को गंभीरता से लेकर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई जरूर करे, ताकि दुश्मनों के नापाक मंसूबे नाकाम हों और देश में आपसी भाईचारा एवं समरसता न बिगड़ने पाए।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को कथित तौर पर ‘आतंकवादियों की बहन’ कहा था। उनकी इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर जब उनकी कड़ी आलोचना होने लगी, तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि इसे अलग संदर्भ में ना देखा जाए, क्योंकि ‘हमारी बहनों’ ने बहुत ताकत से सेना के साथ मिलकर पहलगाम हमले का बदला लिया है।

कर्नल सोफिया कुरैशी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभियान को लेकर भारत के पक्ष को मीडिया के माध्यम से देश-दुनिया के सामने रखने वाली टीम का हिस्सा रहीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News